
सीआईए कोसली को मिली बड़ी सफलता: कोसली के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में चोरी के मामले में एक 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी कफिल गिरफ्तार।
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार ।।
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए कोसली प्रभारी पीएसआई नितीश कुमार की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गत वर्ष सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (कोसली शाखा) में हुई चोरी की वारदात में शामिल एक 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान कफिल (निवासी: गांव नंगला शीशगर, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
घटना का विवरण
जांचकर्ता ने बताया की गत वर्ष 29 दिसंबर को कोसली स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक सीताराम मीना ने पुलिस को सूचना दी थी कि 28 दिसंबर की रात बैंक परिसर के बगल की खिड़की तोड़कर अज्ञात चोरों ने प्रवेश किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि चोरों ने बैंक के स्ट्रांग रूम और गन बॉक्स को गैस कटर से काटने का प्रयास किया था। हालांकि स्ट्रांग रूम का लॉक क्षतिग्रस्त होने के बावजूद उसमें रखी संपत्ति सुरक्षित रही। शातिर चोर बैंक परिसर से 3 लेजर प्रिंटर,4 बड़ी बैटरी व1 सीसीटीवी डीवीआर चोरी करके फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना कोसली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सीआईए कोसली को सौंपी गई थी।
मामले में अब तक की कार्रवाई
सीआईए कोसली की टीम इस मामले में पूर्व में ही गिरोह के 6 अन्य मुख्य सदस्यों यूपी के जिला ऐटा के गांव बरीगमा निवासी सन्नी कुमार उर्फ सन्नी, यूपी के जिला हाथरस के गांव शहबाजपुर निवासी जितेंद्र उर्फ मोनू, यूपी के जिला हाथरस के गांव शिकंदरा राव निवासी युसूफ, यूपी के जिला हाथरस के हसायन निवासी राज रोशन उर्फ कृष्णा, सोनू व बालकिशन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गहन पूछताछ व रिमांड
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश और आसपास के जिलों में चोरी व सेंधमारी की दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुका है। वारदात से दो दिन पहले आरोपियों ने बैंक परिसर की बाकायदा रेकी की थी।
सीआईए कोसली ने वीरवार को मामले में संलिप्त एक 5 हजार के इनामी आरोपी कफिल को काबू किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान चोरी किए गए सामान की बरामदगी और गिरोह के अन्य नेटवर्क के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस द्वारा इस मामले से जुड़े अन्य सह-आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Rewari, Rewari | Aug 22, 2026