
नगर थाना में विदाई और स्वागत समारोह, निवर्तमान थाना प्रभारी को भावपूर्ण विदाई
गिरिडीह। नगर थाना कार्यालय कक्ष में गुरुवार को विदाई एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान निवर्तमान थाना प्रभारी पु.नि. रतन कुमार सिंह को भावपूर्ण विदाई दी गई, वहीं नवनियुक्त थाना प्रभारी पु.नि. श्याम किशोर महतो का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
समारोह में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने निवर्तमान थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके कार्यों और योगदान को याद किया। इस दौरान उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
वहीं, नगर थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी पु.नि. श्याम किशोर महतो का स्वागत करते हुए पुलिसकर्मियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सभी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में नगर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द और पुलिस टीम भावना की झलक देखने को मिली। विदाई के भावुक माहौल के साथ नए थाना प्रभारी के स्वागत ने समारोह को खास बना दिया।