
रायबरेली में मौत का पुल: 4 महीने से टूटी जमालपुर शारदा नहर पुल की रेलिंग, 25 गांवों पर मंडराया खतरा
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर स्थित जमालपुर शारदा सहायक नहर पुल की रेलिंग एक तरफ से पूरी तरह टूट चुकी है. इस पुल पर सुरक्षा कवच टूटे हुए करीब 3-4 महीने हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहा है. प्रशासन की इस बड़ी लापरवाही से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल लगभग 20-25 गांवों के लोगों के आवागमन का मुख्य जरिया है. रोजाना हजारों लोग इस पुल से होकर गुजरते हैं. पुल की रेलिंग एक तरफ से पूरी तरह से टूट चुकी है और सिर्फ बीच-बीच में टूटे हुए लोहे के सरिये दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में अगर कोई वाहन या व्यक्ति इस पुल से होकर गुजरता है और उसका संतुलन बिगड़ जाता है, तो सीधे नहर में गिरने का खतरा है.
इस बारे में जमालपुर नानकारी प्रधान शिव प्रसाद चौरसिया, चंद्र शेखर शुक्ला सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए पुल की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द इस पुल की मरम्मत कराई जाए ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके.
ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय तो पुल पर और भी ज्यादा खतरा बढ़ जाता है. अंधेरे में टूटी हुई रेलिंग दिखाई नहीं देती, जिससे कोई भी वाहन नहर में गिर सकता है. प्रशासन की इस लापरवाही से स्थानीय लोग बहुत परेशान हैं और कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है.
अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है और कब तक इस पुल की मरम्मत कराई जाती है. फिलहाल ग्रामीण डरे-सहमे हुए हैं और उन्हें हर पल किसी बड़ी दुर्घटना का डर सता रहा है.