
नागौर की अंडर-14 बालिका फुटबॉल टीम भीलवाड़ा रवाना राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी जिले का प्रतिनिधित्व
डीडवाना। राजस्थान राज्य अंडर-14 सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नागौर जिले की टीम पूरे उत्साह और जोश के साथ भीलवाड़ा के लिए रवाना हुई। यह प्रतियोगिता 11 से 13 जुलाई 2026 तक भीलवाड़ा में आयोजित होगी, जिसमें नागौर जिले की बालिका खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।इससे पूर्व 8 जुलाई को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हीरावती (लाडनूं) में नागौर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में चयन ट्रायल एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। नागौर जिला फुटबॉल संघ के निर्देशानुसार गठित चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जिला टीम का चयन किया।
चयन समिति में सैयद सगीर अली, राजेश गढ़वाल, रामनिवास, मोहम्मद सईद (बाबू सरफराज) शामिल रहे। चयनित टीम का नेतृत्व मैनेजर पुष्पा मेघवाल करेंगी, जबकि नेहा खिलेरी को टीम का कोच नियुक्त किया गया है।शुक्रवार सुबह टीम को भीलवाड़ा के लिए रवाना करने के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य अनुराधा, अध्यापिकाएं सरोज एवं फलसाना खान, रोशन खान, कोच सैयद सगीर अली, नागौर जिला फुटबॉल संघ के जिला सचिव फरहत अली सहित अन्य खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।नागौर जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी। खिलाड़ियों में भी प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लेकर भीलवाड़ा के लिए प्रस्थान किया।
Didwana, Nagaur | Jul 10, 2026