
हर पल #मौत का साया, #जर्जर #हाईटेंशन तारों से #खौफ में कछौना के #दर्जनों #गांवों के #किसान
कई वर्षों से तार बदलवाने की बाट जोह रहे दर्जनों गांवों के ग्रामीण व किसान, ढीले तारों से खेतों में लगी आग, कई बेजुबान पशुओं की करंट से हो चुकी है मौत
रिपोर्ट - पी०डी० गुप्ता
#कछौना (#हरदोई)। #विद्युत उपकेंद्र कछौना के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण इलाकों में बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते दर्जनों गांवों के किसान और आम नागरिक हर पल मौत के साये में जीने को मजबूर हैं। कछौना उपकेंद्र से ग्राम मोहाई, भीरीघाट, देवनपुर, तकिया, गनेशपुर, त्यौरी, बनियनखेड़ा, मतुआ और मरेउरा समेत कई गांवों को जाने वाली 11000 #वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन पूरी तरह से जर्जर और पुरानी हो चुकी है। भयंकर गर्मी के मौसम में इन ढीले तारों के कारण क्षेत्र में हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है, जिससे भारी जन-धन की हानि हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर तारों के अचानक टूटकर गिरने से अब तक कई किसानों की खड़ी फसलें जलकर खाक हो चुकी हैं। खेतों के ऊपर से झूलते इन खतरनाक तारों की चपेट में आने से कई दुधारू व पालतू पशुओं की तड़पकर मृत्यु हो चुकी है। हालात इस कदर बदतर हैं कि किसान खेतों में काम करने जाने से भी कतराते हैं। ग्रामीणों के दिलों में हमेशा किसी बड़ी अनहोनी घटना की आशंका बनी रहती है। इस ज्वलंत समस्या के स्थाई समाधान के लिए 'जनसरोकार मंच' के पी०डी० गुप्ता, मरेउरा की ग्राम प्रधान सोनी सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेनू तिवारी, राहुल श्रीवास्तव, दीपक सिंह उर्फ दीपू, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश कुमार उर्फ पिंटू, रजनीश कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान साहेब लाल और युवा कार्यकर्ता देवेन्द्र कुमार आदि ने दर्जनों बार शासन-प्रशासन से जर्जर लाइन बदलने की लिखित गुहार लगाई है।ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार कई वर्षों से की जा रही इस जायज #मांग पर विभागीय अधिकारी केवल आश्वासन का झुनझुना थमा रहे हैं। अधिकारी हर बार #बजट के #आवंटन की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं, जिसका सीधा #खमियाजा यहाँ की बेकसूर और गरीब जनता को उठाना पड़ रहा है। अवर #अभियंता राज कुमार प्रजाति ने बताया कि #जांच कर #एस्टीमेट शासन को कई बार भेजा जा चुका है। बजट की धनराशि स्वीकृत होते ही तुरंत जर्जर तारों को हटवाकर नया कार्य करा दिया जायेगा। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने कहा कि जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। जर्जर विद्युत लाइन क्षेत्र की एक बड़ी और गंभीर समस्या है। यह मामला सरकार की #प्राथमिकता में शामिल है। शासन स्तर पर पैरवी करके शीघ्र ही बजट स्वीकृत कराया जाएगा और जर्जर लाइन को हर हाल में बदलवाया जाएगा। अधिकारियों के कागजी दावों और #जनप्रतिनिधियों के आश्वासनों के बीच ज़मीनी हकीकत जस की तस बनी हुई है। #ग्रामीण पिछले कई वर्षों से नए तारों की बाट जोह रहे हैं। अब देखना यह है कि इस ज्वलंत समस्या से भुगत रहे ग्रामीणों को आखिर कब तक निजात मिल पाती है।
Sadar, Lucknow | Aug 19, 2026