
सिद्धार्थ गार्डन के पीछे सजा था जुए का फड़, पुलिस ने मारा छापा; 8 जुआरी गिरफ्तार
देवास | विजयागंज मंडी
देवास जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार” के तहत विजयागंज मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जुआ फड़ पर दबिश देकर 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 11 हजार 700 रुपये नकद और ताश की दो गड्डियां जब्त की हैं।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजयागंज मंडी स्थित सिद्धार्थ गार्डन के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई और कुछ ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कुल 8 आरोपियों को पकड़ लिया।
ये 8 आरोपी पकड़े गए
पुलिस ने मनोज राठौर (40), नूर मोहम्मद (39), अजय कुमावत (30), राजेंद्र सोलंकी (22), राहुल राठौर (27), दीपक सोलंकी (31), विष्णु मालवीय (44) और जितेंद्र पटेल (37) को गिरफ्तार किया है। सभी विजयागंज मंडी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
नकदी और ताश की गड्डियां जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से ₹11,700 नकद और ताश की 2 गड्डियां बरामद कीं। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एच.एन. बाथम और डीएसपी (एल-आर) अभिषेक सिंह गौतम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयागंज मंडी जितेंद्र यादव के नेतृत्व में की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र यादव सहित नरेंद्र सिंह भदौरिया, स्वतंत्र सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक संतोष नवरंग, आरक्षक विक्की जूनवाल, राहुल चौहान और चालक आरक्षक अनिल सूर्यवंशी की भूमिका रही।
ऑपरेशन “प्रहार” के तहत लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टे के कारोबार पर शिकंजा कसने का संदेश दिया है।