
#बालाघाट
मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के लिए 11 जून तक आवेदन आमंत्रित
मत्स्य पालन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उप संचालक मत्स्योद्योग श्रीमती पूजा रोडगे ने बताया कि वर्ष 2022-23 से प्रदेश में संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत विभिन्न नवाचार गतिविधियों को शामिल किया गया है। इनमें ग्रामीण तालाबों में झींगा पालन, ग्रामीण तालाबों में मत्स्य बीज संवर्धन, मत्स्य पालकों का प्रशिक्षण तथा स्मार्ट फिश पार्लर की स्थापना जैसी गतिविधियां प्रमुख हैं। योजना का लाभ व्यक्तिगत मत्स्य पालकों, ग्रामीण तालाबों के पट्टाधारकों, मछुआ समूहों, स्व-सहायता समूहों एवं मछुआ सहकारी समितियों को दिया जाएगा। चयनित हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 11 जून 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदक आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन जिला मत्स्योद्योग कार्यालय, बालाघाट में निर्धारित समयावधि के भीतर जमा कर सकते हैं। योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए आवेदक कार्यालय उप संचालक मत्स्योद्योग, बालाघाट से संपर्क कर सकते हैं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #fisheries_mp