
नेत्रदान महादान, अंधकारमय जीवन में भर सकता है उजाला: उपायुक्त सतपाल शर्मा
उपायुक्त ने जिलावासियों से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील की
पंचकूला, 22 जून : उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने जिलावासियों से नेत्रदान के प्रति जागरूक बनने तथा स्वयं एवं अपने परिवारजनों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि नेत्रदान एक महान और पुण्य कार्य है। मृत्यु उपरांत दान की गई आंखें नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में रोशनी ला सकती हैं। नेत्रदान से किसी व्यक्ति की दृष्टि वापस आ सकती है और वह सामान्य जीवन जीने में सक्षम हो सकता है। मृत्यु के बाद भी यह अमूल्य दान किसी के जीवन को प्रकाशमय बना सकता है।
नेत्रदान मृत्यु के बाद किया जाता है। मृत्यु के 4-6 घंटे के भीतर नेत्रदान संभव होता है। किसी भी आयु, लिंग या धर्म का कोई भी व्यक्ति नेत्रदान कर सकता है । नेत्रदान करने के लिए अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त ने आह्वान किया कि आइए सब मिलकर ’मृत्यु के बाद नेत्रदान, किसी के जीवन में नया प्रकाश’ का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नेत्रदान करने के लिए टोल फ्री नंबर-112 पर संपर्क किया जा सकता है।