
क्रांतिकारियों की विरासत को दिल में जिंदा रखें युवा : अमित आजाद, वाल्मीकिनगर पहुंचे शहीद चंद्रशेखर आजाद के पौत्र
बगहा/वाल्मीकिनगर:- शहीद क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के पौत्र अमित आजाद शेखर तिवारी के गुरुवार को वाल्मीकिनगर पहुंचने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय श्याम गेस्ट हाउस में पहुंचने पर लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अमित आजाद ने युवाओं से क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। आजादी से पहले के हालात हों या वर्तमान समय, देश की जनता की भावना हमेशा सर्वोपरि रही है और सरकारों को भी उसी भावना के अनुरूप काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के बलिदानी क्रांतिकारी आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। उनके त्याग और संघर्ष को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।
1.74 लाख किलोमीटर की यात्रा
कर रहे हैं देशभर में
अमित आजाद ने बताया कि उन्होंने देशभर में करीब 1 लाख 74 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी की है। इस दौरान महाराष्ट्र से लेकर पश्चिम बंगाल तक विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बच्चों और युवाओं को महान क्रांतिकारियों के योगदान से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अलग-अलग स्वतंत्रता सेनानियों को जानते हैं, लेकिन हर क्रांतिकारी के योगदान को समझना जरूरी है। देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। मोबाइल से ज्यादा इतिहास को दें समय युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल जरूरी है, लेकिन इसका उपयोग सही दिशा में होना चाहिए। युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया में अधिक समय बिताने के बजाय देश के इतिहास और क्रांतिकारियों के जीवन को जानने में रुचि लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए करीब 7 लाख 23 हजार क्रांतिकारियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। क्रांतिकारियों के लिए देश सर्वोपरि था। युवाओं को भी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और देशभक्ति की भावना को जीवन में उतारना चाहिए। मौके पर एसएसबी गंडक ब्रांच के कंपनी कमांडर लोकेश कुमार बनिया, वाल्मीकिनगर विधायक प्रतिनिधि अमित कुमार उर्फ बिट्टू जायसवाल, सुमन कुमार गुप्ता, भोलू श्रीवास्तव तथा नदी घाटी योजना माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य राकेश कुमार राव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।