
बाहरी बताकर वोटर लिस्ट से नाम हटाने के नोटिस का विरोध, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
बगड़ नगरपालिका के वार्ड 4 के लोगों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, बोले- कई साल से यहीं रह रहे, बिना जांच दिए नोटिस
झुंझुनूं (यशदीप खबर)। बगड़ नगरपालिका के वार्ड 4 में मतदाताओं को बाहरी बताकर मतदाता सूची से नाम हटाने के नोटिस जारी किए जाने के विरोध में बुधवार को वार्डवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे। लोगों ने प्रदर्शन कर जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि झुंझुनूं एसडीएम की ओर से बिना उचित जांच किए उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में वार्ड की मतदाता सूची से नाम पृथक किए जाने की बात कही गई है। इससे वार्ड के लोगों में नाराजगी है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे कई वर्षों से वार्ड 4 में निवास कर रहे हैं और लगातार मतदान करते आ रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें बाहरी बताकर नाम हटाने के नोटिस दिए गए हैं। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक द्वेषता से प्रेरित है।
लोगों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मतदाता सूची से नाम हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
#Jhunjhunu #Bagar #BreakingNews #VoterList #ElectionNews #RajasthanNews #झुंझुनूं #बगड़ #मतदाता_सूची #चुनाव #yashdeepkhabar