
भिंड में दर्दनाक हादसा: भंडारे में पहुंचे श्रद्धालुओं से भरा लोडिंग वाहन पीछे खिसका, महिला की मौत, बालक घायल
भिंड। जिले के रौन थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक पांच वर्षीय बालक घायल हो गया। हादसा धुसका सरकार हनुमान मंदिर के प्रवेश द्वार पर उस समय हुआ, जब भंडारे में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालु वाहन से उतर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, इंदुखी गांव निवासी शांति देवी द्वारा धुसका सरकार हनुमान मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदुखी गांव के करीब 20 से 25 श्रद्धालु एक लोडिंग वाहन में सवार होकर मंदिर पहुंचे थे। जैसे ही वाहन मानगढ़ स्थित मंदिर के प्रवेश द्वार के पास पहुंचा, श्रद्धालु उतरने लगे। इसी दौरान चालक ने वाहन को ढलान पर खड़ा कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर बाद वाहन अचानक पीछे की ओर खिसकने लगा। वाहन के पीछे सरकने के दौरान इंदुखी निवासी 36 वर्षीय सरोज बाथम, पत्नी मनोज बाथम, वाहन के डाले (फाटक) में उलझ गईं। पीछे सरकते वाहन के रास्ते में पड़ी लकड़ी उनकी गर्दन में घुस गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में एक पांच वर्षीय बालक भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वाहन चालक की लापरवाही को लेकर भी जांच की जा रही है।
Gormi, Bhind | Jun 5, 2026