
#बालाघाट
विश्व रेबीज दिवस पर 50 पालतू श्वानों का निःशुल्क टीकाकरण
जिला पशु चिकित्सालय में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में बताए गये रेबीज से बचाव के उपाय
विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर 28 सितंबर को जिला पशु चिकित्सालय, बालाघाट में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा निःशुल्क रेबीज टीकाकरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 50 पालतू श्वानों का निःशुल्क रेबीज टीकाकरण किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों एवं आम नागरिकों को रेबीज जैसी गंभीर एवं घातक बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा इसके संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना रहा। इस दौरान पशुपालकों को रेबीज के संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय, पशुओं के नियमित टीकाकरण तथा पशु के काटने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. घनश्याम परते ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पालतू श्वानों का निर्धारित समय पर रेबीज टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि पालतू पशुओं के नियमित टीकाकरण के साथ उनके स्वास्थ्य एवं व्यवहार पर भी निगरानी रखना जरूरी है। पशु के काटने अथवा उसके असामान्य व्यवहार की स्थिति में लापरवाही न बरतते हुए तत्काल पशु चिकित्सा विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
कार्यक्रम में पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित पशुपालकों और नागरिकों को रेबीज से बचाव के संबंध में जागरूक किया। इस अवसर पर “रेबीज से बचाव ही सुरक्षा है” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में जिला पशु चिकित्सालय एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पशुपालक तथा आम नागरिक उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_husbandry