
➡️ मंत्री श्री राजपूत ने संत श्री रावतपुरा सरकार के किए दर्शन लिया आशीर्वाद
➡️ श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी नहीं रहे, सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें: मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपनी धर्म पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सविता सिंह राजपूत के साथ वेदांती आश्रम पहुंचकर संत श्री रावतपुरा सरकार के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कथा एवं 29 जुलाई को आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजन के संबंध में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मंत्री श्री राजपूत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कथा में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, विद्युत एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि ऐसे भव्य धार्मिक आयोजन हमारे शहर के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और आयोजन सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई को मंशापूर्ण बालाजी मंदिर परिसर, धर्मश्री, सागर में मां राजराजेश्वरी कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन लक्ष्मी प्राप्ति अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान में 25 हजार श्रद्धालु एक साथ बैठकर एक करोड़ अर्चन करेंगे।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि यह अनुष्ठान हमारे शहर के सबसे भव्य धार्मिक आयोजनों में से एक होगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar