
सड़क पर गिरा पीपल का पेड़।
बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के रानी एक पंचायत स्थित नारेपुर पश्चिम रोड में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। रिमझिम बारिश के दौरान लगभग 100 वर्ष पुराना एक पीपल का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गिर गया। इस घटना में हाई टेंशन 11000 और 440 वोल्ट के बिजली के तार टूट गए और घंटों आवाजाही प्रभावित हुई।
पेड़ गिरने से तीन दुकान – आनंद क्रिएशन कपड़ा, आशा फर्नीचर और आईटी विजन दुकान – का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीर बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोग प्रियतोष कुमार, देवेंद्र प्रसाद राय, संजीत राय, अरविंद कुमार राय, अजय कुमार राय, अविनाश कुमार, आनंद कुमार और कृष्ण कुमार सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि सुबह अचानक तारों में स्पार्किंग हुई थी। इसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग के कर्मी मौके पर आए और वीडियो बनाकर चले गए। इसके कुछ देर बाद ही पीपल का पेड़ गिर गया।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि करीब दस दिन पहले इसी सड़क पर एक पीपल के पेड़ की डाली टूटकर ज्ञानी राय के गौशाला पर गिरी थी, जिसमें मवेशी और पशुपालक बाल-बाल बचे थे। इन समस्याओं को लेकर अंचल विभाग, वन विभाग और जिला पार्षद को सूचित किया गया था, लेकिन अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम, पंचायती राज पदाधिकारी विश्वनाथ कुमार, सीआई उमेश प्रसाद और बिजली विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और यातायात को सुचारु करने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने के कार्य में जुट गए।
अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम ने बताया कि शनिवार सुबह एक पीपल का पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए और यातायात प्रभावित हो गया। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं। वहीं, मजदूरों ने गिरे हुए पेड़ को काटकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
#BreakingNews #Begusarai #HindiNews