
*वृद्धा आश्रम पहुंचे डीएम, बुजुर्गों से जाना हाल; बोले- समस्या हो तो बताएं*
*बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड और पेंशन के लिए लगेगा विशेष कैंप*
*वृद्धा आश्रम में लगेगा बड़ा एलईडी टीवी, बुजुर्ग देख सकेंगे भक्ति और कथा कार्यक्रम*
*बुजुर्गों के साथ जन्मदिन मनाने की डीएम ने की अपील*
बलिया। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन सम्मान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह गुरुवार को गड़वार स्थित वृद्धाआश्रम पहुंचे। उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। डीएम ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि उनकी किसी भी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने वृद्धा आश्रम की रसोई का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने परिसर के कमरों और बरामदों में साफ- सफाई का जायजा लिया तथा नियमित सफाई के साथ फर्श की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वृद्धा आश्रम में करीब 150 बुजुर्ग रह रहे हैं। डीएम ने सभी निवासियों के आयुष्मान कार्ड और पहचान पत्र बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को विशेष कैंप आयोजित कर पात्र बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही न हो। बातचीत के दौरान बुजुर्गों ने जिलाधिकारी के सामने अपनी समस्याएं भी रखीं। नगवा निवासी विजय यादव ने वृद्धावस्था पेंशन और आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की। वहीं सुभाष गुप्ता (सहतवार), राजकिशोर (कपूरी नारायनपुर), रमाशंकर (चितबड़ागांव), रामेश्वर शर्मा (इंदरपुर), शोभा देवी (सवरा गोपालपुर) और गिरिजा देवी (गड़वार) ने भी वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी समस्याएं बताईं। डीएम ने कहा कि वृद्धा आश्रम में रहने वाले किसी भी बुजुर्ग को परेशानी न हो। उन्होंने सभी से कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या है तो सीधे अधिकारियों को बताएं, उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बुजुर्गों के मनोरंजन और मानसिक प्रसन्नता के लिए वृद्धा आश्रम में बड़ा एलईडी टीवी लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्ग सुबह-शाम भक्ति कार्यक्रम, कथा और अन्य उपयोगी कार्यक्रम देख सकेंगे। इस दौरान डीएम ने वृद्धा आश्रम में रहने वाले सभी बुजुर्गों का मुंह मीठा कराया और उन्हें 100-100 रुपये तथा फल वितरित किए। वृद्धाआश्रम के प्रबंधक ने जिलाधिकारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। प्रबंधक की ओर से समाज कल्याण अधिकारी को भी अंगवस्त्र प्रदान किया गया। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर बुजुर्गों के साथ समय बिताने से उन्हें अपनापन और खुशी का अनुभव होगा। डीएम ने कहा कि वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की सुविधाओं, स्वास्थ्य और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
Ballia, Ballia | Oct 2, 2026