
महाविद्यालय की लाइब्रेरी में पढ़ाई कर अदिति शर्मा ने CSIR में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-46
- PG कॉलेज रामपुर बुशहर की पूर्व MSc छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया महाविद्यालय और क्षेत्र का गौरव
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर PG कॉलेज रामपुर बुशहर की पूर्व MSc छात्रा अदिति शर्मा ने CSIR परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-46 हासिल कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अदिति शर्मा ने अपनी स्नातकोत्तर शिक्षा इसी महाविद्यालय से पूरी की है।
अपनी इस शानदार उपलब्धि पर अदिति शर्मा ने अपनी सफलता का विशेष श्रेय अपनी माता बिमला शर्मा, पिता मोती लाल शर्मा, महाविद्यालय के शिक्षकों तथा अपने गांव लालसा के सभी ग्रामीणों को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने गांव ललसा के सभी ग्रामीणों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनकी सफलता पर हमेशा उनका उत्साहवर्धन और सहयोग किया।
अदिति शर्मा ने विशेष रूप से महाविद्यालय के जूलॉजी विभाग की डॉ. आशा गर्ग और डॉ. योजना ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा समय-समय पर दिए गए शैक्षणिक मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उनकी तैयारी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अदिति शर्मा की सफलता में महाविद्यालय की लाइब्रेरी में किया गया नियमित अध्ययन भी महत्वपूर्ण रहा। परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने लाइब्रेरी के शांत एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण का भरपूर लाभ उठाया। उपलब्ध पुस्तकों और शैक्षणिक संसाधनों का नियमित उपयोग करते हुए उन्होंने एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ अपनी तैयारी जारी रखी।
CSIR में ऑल इंडिया रैंक-46 हासिल करने के बाद अदिति शर्मा ने महाविद्यालय पहुंचकर प्रधानाचार्य डॉ. पंकज बसोतिया एवं डॉ. राजेश नेगी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. पंकज बसोतिया एवं डॉ. राजेश नेगी ने अदिति शर्मा को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अदिति शर्मा की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रमाण है। उनकी उपलब्धि से महाविद्यालय के विद्यार्थियों में भी उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है। विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए उनकी सफलता प्रेरणादायक है।
महाविद्यालय परिवार ने अदिति शर्मा की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय परिवार ने उनके माता-पिता, शिक्षकों और ललसा गांव के ग्रामीणों के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि अदिति भविष्य में भी सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेंगी।
Rampur, Shimla | Sep 11, 2026