
रामदेव सेवा समिति 45सा धर्मशाला में महंत बाई शिल्पा सर्वसम्मति से बनीं भंडारे की प्रधान
नाथूसरी चौपटा।राजस्थान के रूणेचा धाम में भादो मास के दौरान बाबा रामदेव जी महाराज के मेले में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों और विदेशों से भी बाबा के भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए तो कई निजी वाहनों से रामदेवरा पहुंच रहे हैं। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और सेवा शिविर लगाए गए हैं।
रामदेवरा स्थित सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा क्षेत्र की 45सा धर्मशाला में भी श्रद्धालुओं के लिए रात्रि विश्राम, स्नान, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। धर्मशाला में सर्वसमाज के यात्री रुककर भोजन करते हैं और बाबा रामदेव जी के दर्शन के लिए रवाना होते हैं।
45सा धर्मशाला के प्रधान देशबंधु बैनीवाल ने बताया कि धर्मशाला वर्षभर खुली रहती है। यहां कोई भी श्रद्धालु आकर ठहर सकता है। यात्रियों के लिए भोजन, स्नान और विश्राम की बेहतर व्यवस्था की गई है। यह सेवा सिरसा जिले के 45सा गांवों सहित आसपास के राजस्थान क्षेत्र के ग्रामीणों और समाजसेवियों के सहयोग से संचालित की जा रही है।
वहीं राजस्थान के नेठराना गांव की महंत बाई शिल्पा लंबे समय से धर्मशाला में सेवा कार्य कर रही हैं। उन्होंने धर्मशाला के लंगर हाल में दो एयर कंडीशनर की सेवा भी दी है। इसके अलावा अब वह नियमित रूप से सुबह-शाम चलने वाले भंडारे की व्यवस्था में भी सेवा दे रही हैं।
महंत बाई शिल्पा की लगातार सेवा भावना को देखते हुए धर्मशाला प्रबंधन ने उन्हें सर्वसम्मति से भंडारे की प्रधान नियुक्त किया। इस अवसर पर धर्मशाला के प्रधान देशबंधु बैनीवाल, उपप्रधान हवा सिंह कासनियां, उपप्रधान विनोद जी कासनिया, नरेश सिंह रंधावा, राहुल बाबल चाहरवाला, प्रदीप बैनीवाल रायपुर और कोषाध्यक्ष चंद्रभान सहारण सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कुतियाना के सरपंच विनोद बागड़वा, महाबीर माचरा (ट्रस्टी), शंकर लाल भाम्भू, मोहन लाल सहारण, अभय सहारण शक्कर मंडोरी सहित अनेक सेवादार मौजूद रहे। सभी ने महंत बाई शिल्पा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और धर्मशाला में चल रही सेवा को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
Sirsa, Sirsa | Sep 15, 2026