
जनसहभागिता से मेई खुर्द विद्यालय का होगा भौतिक विकास
40 हजार के जनसहयोग पर राज्य सरकार देगी लगभग 60 हजार का अतिरिक्त राज्यांश, विद्यालय को मिलेंगे करीब 1 लाख रुपये
सवाई माधोपुर, 4 अगस्त। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में भौतिक एवं शैक्षिक संसाधनों के विकास का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी क्रम में खंडार ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेई खुर्द के विकास के लिए विद्यालय स्टाफ ने जनसहभागिता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विद्यालय को 40 हजार रुपये की सहयोग राशि दानस्वरूप प्रदान की है।
विद्यालय स्टाफ द्वारा प्रदान की गई सहयोग राशि का चेक विद्यालय के प्रधानाचार्य बने सिंह मीणा ने मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने हेतु अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा।
एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि स्थानीय समुदाय एवं विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो रहे हैं। जनसहभागिता से विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 40 हजार रुपये की सहयोग राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 60 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि इस राशि से विद्यालय में कंप्यूटर, प्रिंटर, विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यालय की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।
इस दौरान उप प्राचार्य दीपक अग्रवाल, सहायक निदेशक शिव चरण मीणा, एपीसी योगेश मीणा सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।