
पूर्व सैनिक संघ बक्सर की मासिक बैठक संपन्न, छह नए सदस्यों ने ली सदस्यता
- नव नियुक्त सैन्य अधिकारी का हुआ भव्य स्वागत, पूर्व सैनिकों के अधिकार और कल्याणकारी योजनाओं पर हुई चर्चा
बक्सर । बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला इकाई बक्सर की मासिक बैठक रविवार को फोर सीजन मैरिज हॉल स्थित संघ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव मिथिलेश कुमार यादव ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अनुमंडलों से पहुंचे बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने संगठन की मजबूती और विस्तार का संकल्प लिया।
बैठक से पूर्व दो प्रमुख सम्मान समारोह आयोजित किए गए। सुबह श्रमजीवी एक्सप्रेस से डुमरांव पहुंचे सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट बलजीत यादव का डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष एवं उनकी टीम ने बुके और फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं हिमगिरि एक्सप्रेस से पहुंचे भारतीय सेना के नव-नियुक्त अधिकारी लेफ्टिनेंट विकास कुमार यादव, पुत्र सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर मंगल सिंह यादव, ग्राम बाकसरा, इटाढ़ी प्रखंड का सदर अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर जितेंद्र प्रसाद सिंह की टीम ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने संगठन की मजबूती के साथ पूर्व सैनिकों के मान-सम्मान और जायज अधिकारों के लिए एकजुट रहने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन के प्रति निष्ठा बनाए रखने और नेतृत्व पर विश्वास रखने के लिए सभी सदस्यों का आभार जताया।
डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह (सेना मेडल) ने जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन विस्तार के प्रति पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। वहीं सदर अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर जितेंद्र प्रसाद सिंह ने संघ की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में बक्सर में पूर्व सैनिकों के लिए सीएसडी कैंटीन, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और जिला सैनिक कल्याण केंद्र का सुचारू संचालन हो रहा है, जो संघ की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पेंशन विसंगतियों और कल्याणकारी योजनाओं पर दी जानकारी
बैठक में संघ के पेंशन डायरेक्टर राजबली यादव ने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को मिलने वाले विभिन्न लाभों की जानकारी दी। उन्होंने पेंशन से जुड़ी तकनीकी विसंगतियों, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट और अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी पूर्व सैनिक या वीर नारी की पेंशन संबंधी समस्या के समाधान के लिए संघ लगातार प्रयासरत है।
छह पूर्व सैनिकों ने ली सदस्यता
बैठक के दौरान छह नए पूर्व सैनिकों को संगठन की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। इनमें लेफ्टिनेंट रमाशंकर सिंह, लेफ्टिनेंट जनार्दन सिंह, सूबेदार महेंद्र सिंह, नायब सूबेदार कुलेश्वर यादव, सूबेदार लक्ष्मण यादव एवं हवलदार सूरज बली चौधरी शामिल हैं।
इसके अलावा नायब सूबेदार हरे कृष्ण पाल के घर नाती के जन्म पर संघ की ओर से उपहार एवं आशीर्वाद भेंट कर नवजात के दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
बैठक के दौरान देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ ‘भारत माता की जय’ और ‘पूर्व सैनिक संघ जिंदाबाद’ के नारों से सभास्थल गूंज उठा।
इस अवसर पर इटाढ़ी प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन संतोष सिंह, नवानगर प्रखंड अध्यक्ष सूबेदार मेजर जगदीश सिंह, ब्रह्मपुर प्रखंड अध्यक्ष सूबेदार अजय सिंह, उपाध्यक्ष सूबेदार ललन तिवारी, मोहन यादव, सुभाष मिश्रा, शिवजी ठाकुर, मोहन ठाकुर, जूनियर वारंट ऑफिसर जयप्रकाश प्रसाद, कैप्टन राजीव रंजन तिवारी, चंद्र प्रकाश पाठक, मीडिया प्रभारी अवध यादव, मंजी सिंघानिया सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
Buxar, Buxar | Sep 7, 2026