
डॉ. हेम राज भारद्वाज की पुस्तक ‘प्रयोजनमूलक हिंदी’ का लोकार्पण
Kullu Times
राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में हिंदी दिवस के पावन अवसर पर प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं लेखक डॉ. हेमराज भारद्वाज की महत्वपूर्ण पाठ्यपुस्तक ‘प्रयोजनमूलक हिंदी’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने की।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने पुस्तक का औपचारिक लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह कृति हिंदी को मात्र साहित्य की भाषा न मानकर व्यवहार, प्रशासन, रोजगार और आधुनिक जीवन से जोड़ती है। डॉ. भारद्वाज की यह चौथी प्रकाशित पुस्तक है। इससे पूर्व उनकी तीन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। लेखक का मानना है कि यह ग्रंथ हिंदी भाषा को गहराई से समझने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में लेखक ने अपने संस्कारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने माता नारा देवी, पिता सोभा राम, गुरु डॉ. उरसेम लता, जीवन संगिनी दीपा शर्मा, सुपुत्र श्रेयान और सुपुत्री इवांशी के साथ-साथ उन मेधावी विद्यार्थियों कौमल, सविता, मनोज, चेतना ओशिन और ललिता का विशेष उल्लेख किया जिन्होंने पुस्तक को निखारने में सहयोग दिया। लेखक ने कहा—“जागरुक पाठक ही परिश्रमी और श्रेष्ठ लेखक का मार्गदर्शक होता है।”
इस अवसर पर प्रो. सोम नेगी, प्रो. सपना वर्मा, डॉ. निर्मला सिंह, अधीक्षक रोशना तथा हिंदी विभाग से डॉ. रूपा ठाकुर सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में शिक्षार्थी उपस्थित रहे।प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक महाविद्यालय के शिक्षार्थियों के लिए ज्ञान का नया द्वार खोलेगी तथा हिंदी अध्ययन को और अधिक अर्थपूर्ण, सरल एवं व्यावहारिक बनाएगी।
Kullu, Kullu | Sep 15, 2026