
औरंगाबाद के प्रसिद्ध ज्वेलर्स व्यवसायी हरि सोनी का निधन, ट्रक-बस हादसे में हुए थे घायल; वाराणसी में इलाज के दौरान तोड़ा दम, शहर में शोक की लहर।
औरंगाबाद, 14 अगस्त | 24NewsLive
औरंगाबाद शहर के बिरटापुर मोहल्ला निवासी और जाने-माने ज्वेलर्स व्यवसायी हरि नारायण सोनी उर्फ हरि सोनी का निधन हो गया है। शुक्रवार सुबह वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
बुधवार की मध्य रात्रि औरंगाबाद में हुए भीषण ट्रक-बस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
*वाराणसी में चल रहा था इलाज*
हादसे के बाद गंभीर हालत में उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया था। गुरुवार को डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन भी किया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
*शहर में पसरा मातम, ज्वेलर्स व्यवसायियों में गहरा शोक*
हरि सोनी के निधन की खबर मिलते ही पूरे औरंगाबाद शहर में शोक की लहर दौड़ गई। खासकर सर्राफा व्यवसायियों में गहरा दुख है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग बिराटापुर स्थित उनके आवास पर पहुंचने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है।
*बुधवार रात हुआ था भीषण हादसा*
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात वाराणसी से पटना जा रही हंसराज बस औरंगाबाद में एक ट्रक से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस हादसे में बस में सवार करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें अधिकांश औरंगाबाद जिले के ही रहने वाले थे। हरि नारायण सोनी भी इसी हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए थे।
उनके निधन की खबर पर नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, को-ऑपरेटिव बैंक चेयरमैन संतोष कुमार सिंह, रेड क्रॉस चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, सरस्वती आराध्य समिति अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, समाजसेवी पंकज वर्मा, संजय गुप्ता, रवि सोनी, पप्पू सोनी, पूर्व पार्षद जितेंद्र पासवान,नवीन सिन्हा, प्रभात कुमार, सचिन सिन्हा,मनोज गुप्ता और समाजसेवी अजीत चंद्रा समेत कई गणमान्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
#AurangabadNews #HariSoni #BusAccident #AurangabadJewellers #BiharNews #24NewsLive