
नाबालिगों को वाहन देना पड़ेगा भारी, अभिभावकों पर भी होगी कार्रवाई; तीन साल की सजा का प्रावधान
श्रीनगर यातायात पुलिस की अभिभावकों से अपील, 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें
श्रीनगर गढ़वाल। शहर और आसपास के क्षेत्रों में नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए श्रीनगर यातायात पुलिस ने अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 18 वर्ष की आयु पूरी नहीं करने वाले बालक-बालिकाओं को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने के लिए देना अभिभावकों को भारी पड़ सकता है।
श्रीनगर यातायात पुलिस के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में भी क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर बड़ी संख्या में चालानी कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A के तहत नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर वाहन को सुरक्षा के दृष्टिगत सीज किए जाने तथा 25 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त वाहन स्वामी और नाबालिग के अभिभावक अथवा संरक्षक के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट संबंधित न्यायालय को भेजी जा सकती है। इस प्रावधान के तहत अभिभावक को तीन वर्ष तक की सजा का भी प्रावधान है।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और न ही उन्हें इसके लिए प्रोत्साहित करें। पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही बच्चों के जीवन को खतरे में डाल सकती है और किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
पुलिस की अपील है कि अभिभावक अपनी जिम्मेदारी समझें। बच्चों को मोटरसाइकिल की चाबी देने के बजाय उन्हें सुरक्षित भविष्य दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
— श्रीनगर यातायात पुलिस