
सीईओ जिला पंचायत ने की समय-सीमा पत्रों की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
सिंगरौली। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि 50 एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का आगामी सप्ताह तक कम से कम 60 प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत जाति प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने बलराम तालाब सहित अन्य स्वीकृत जल संरचनाओं के निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने को कहा। साथ ही ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट से निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था का भौतिक सत्यापन संबंधित एसडीएम एवं जनपद पंचायत सीईओ द्वारा किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री संबल योजना एवं श्रमयोगी मानधन योजना के पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने, वनाधिकार पट्टों के लंबित प्रकरणों की जांच, गेहूं उपार्जन के शत-प्रतिशत परिवहन, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच तथा विस्फोटक सामग्री के भंडारण एवं क्रय-विक्रय की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अखिलेश सिंह, विभिन्न एसडीएम, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।