
फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर सख्त प्रशासन, काम नहीं करने वाले पटवारियों पर होगी कार्रवाई
देवास। जिले में किसानों की जानकारी को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज करने के लिए चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान की धीमी प्रगति पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बागली, कन्नौद और खातेगांव तहसीलों में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नाराजगी जताई है।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि इन तीनों तहसीलों में कई पटवारियों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि ऐसे पटवारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर अभियान को गति दी जाए और सभी पात्र किसानों की रजिस्ट्री समय सीमा में पूर्ण कराई जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा गया है।