
बिहार कांग्रेस में 29 नेताओं को कारण बताओ नोटिस, दिल्ली में प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ धरने का मामला।
पटना, 10 सितंबर 2026। 24 NewsLive
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह कार्रवाई 8 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में एआईसीसी कार्यालय के समीप बिहार प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर की गई है।
अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव ने जारी नोटिस में कहा है कि संबंधित नेताओं का इस तरह धरना-प्रदर्शन में शामिल होना पार्टी की नीति, अनुशासन और निर्देशों का खुला उल्लंघन है। इसे घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है।
*72 घंटे में जवाब तलब*
नोटिस में सभी 29 नेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे नोटिस प्राप्त होने के 72 घंटे के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण अनुशासन समिति के समक्ष प्रस्तुत करें और बताएं कि उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई क्यों न की जाए।
समिति ने स्पष्ट किया है कि तय समय में जवाब नहीं मिलने या जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर पार्टी नियमों के अनुसार एकतरफा अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
*इन प्रमुख नेताओं को मिला नोटिस:*
नोटिस पाने वालों में पूर्व विधायक अनिल सिंह, पूनम देवी, विधूशेखर पांडेय, भारत भूषण दूबे, सत्येंद्र यादव, मृत्युंजय सिंह सहित कुल 29 नेता शामिल हैं।
जानकारी मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने दी।