कटिहार में दो दिन की बारिश में खुल गई सड़क मरम्मत की पोल, गिट्टी-बजरी डालकर की गई खानापूर्ति, फिर धंसा फुटपाथ
जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी जिले में विकास के दावे करते हैं, लेकिन शहर की प्रमुख सड़कें इन दावों की हकीकत बयां कर रही हैं। जीआरपी चौक से शहीद चौक को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर मंगल बाजार ओवरब्रिज के पास करीब 50 से 70 मीटर फुटपाथ बारिश के कारण बुरी तरह धंस गया। सड़क के दोनों किनारों की मिट्टी अंदर ही अंदर बहने से फुटपाथ के नीचे गहरा गड्ढा बन गया। विभाग ने संज्ञान लेते हुए ऊपर से गिट्टी-बजरी डालकर मरम्मत की खानापूर्ति कर दी, लेकिन दो दिन की बारिश ने ही व्यवस्था की पोल खोल दी। गिट्टी-बजरी धंसने के बाद फुटपाथ फिर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया है। ऐसे में राहगीरों के साथ हादसे का खतरा बना हुआ है।