मेरठ: जेल से छूटते ही पत्नी की गला दबाकर हत्या, ससुर ने जमानत नहीं कराई थी
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के पूर्वा इलाही बख्श में आदिल पर अपनी पत्नी मुस्कान (22) की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। आदिल करीब पांच दिन पहले दुष्कर्म के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। रविवार को वह मुस्कान को उसके मायके से लेकर आया और अपनी मौसी सलमा के घर ठहरा था।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे आदिल ने मुस्कान का गला दबा दिया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मुस्कान की बहन के मुताबिक, आदिल ने घटना के बाद उसके पास पहुंचकर कहा कि “तेरी बहन को मार डाला है, घर में लाश पड़ी है।” उसने यह भी कहा कि उसके पिता ने उसकी जमानत नहीं कराई थी।
मुस्कान की मां शमा ने पुलिस को तहरीर देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने आदिल को गिरफ्तार कर लिया है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद और दहेज उत्पीड़न के आरोपों की जांच कर रही है।
मुस्कान और आदिल की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं।