
योग भी वोट भी कार्यक्रम-2026 के अन्तर्गत दिलाई मतदाता शपथ
लोकतंत्र की मजबूती के लिए आमजन ने लिया संकल्प
धौलपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम के अंत में योग भी वोट भी कार्यक्रम-2026 के अन्तर्गत उपस्थितजन को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मतदाता शपथ दिलाई गई। यह शपथ जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी द्वारा दिलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, आमजन एवं युवाओं ने सहभागिता की।
शपथ में सभी नागरिकों ने यह संकल्प लिया कि वे भारत के नागरिक के रूप में लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा सभी चुनावों में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रूप से बिना किसी धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा या किसी अन्य प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव हैं। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह न केवल स्वयं मतदान करे, बल्कि दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने और देश की प्रगति में सहभागी बनने की प्रतिबद्धता जताई।