लोकार्पण से पहले क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने स्टेडियम निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
शाहजहांपुर। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, बरेली मंडल, चंचल मिश्रा ने शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम में चल रहे जीर्णोद्धार एवं नई खेल अवस्थापनाओं के निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और कार्यों की गुणवत्ता की सराहना की। बताया गया कि इसी सप्ताह के अंत तक प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा करीब 36 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से तैयार कराई गई खेल परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने अधिकारियों को समय से सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बामनिया, प्रशिक्षक मुजाहिद अली, पंकज कुमार, शकील अहमद, निशांत कुमार सहित स्टेडियम का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।