74वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 (बरेली जोन) का भव्य समापन, पुरुष वर्ग में जनपद बरेली एवं महिला वर्ग में जनपद शाहजहाँपुर रहा विजेता
शाहजहांपुर - बुधवार को 74वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 (बरेली जोन) के महिला एवं पुरुष वर्ग के फाइनल मैचों का आयोजन जी.एफ. कॉलेज ग्राउंड, शाहजहाँपुर में उत्साहपूर्ण एवं खेल भावना के वातावरण में संपन्न कराया गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली रेंज, बरेली, पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर, जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारीगण, विभिन्न जनपदों से आए पुलिस अधिकारी/कर्मचारी, खिलाड़ीगण एवं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समापन समारोह का शुभारम्भ अतिथिगण द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन करते हुए किया गया। इस अवसर पर खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना, आपसी समन्वय, शारीरिक दक्षता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को पुलिस बल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए खिलाड़ियों की सराहना की गई।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला जनपद शाहजहाँपुर एवं जनपद बरेली की टीमों के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित समय तक 01-01 गोल किए, जिसके परिणामस्वरूप मैच बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके उपरांत विजेता के निर्धारण हेतु कराए गए पेनल्टी शूटआउट में जनपद बरेली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 04-01 से विजय प्राप्त कर पुरुष वर्ग की चैम्पियनशिप अपने नाम की।
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला जनपद शाहजहाँपुर एवं जनपद बरेली की टीमों के मध्य खेला गया। निर्धारित समय में दोनों टीमों ने 01-01 गोल किए, जिससे मैच ड्रॉ रहा। इसके पश्चात कराए गए पेनल्टी शूटआउट में जनपद शाहजहाँपुर की महिला टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 02-01 से विजय प्राप्त कर महिला वर्ग की विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में जनपद रामपुर के खिलाड़ी नरेन्द्र सिंह द्वारा प्रतियोगिता के दौरान सर्वाधिक 06 गोल किए जाने पर उन्हें "सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर (पुरुष वर्ग)" का खिताब प्रदान किया गया। वहीं महिला वर्ग में जनपद शाहजहाँपुर की खिलाड़ी सुधा रावत द्वारा प्रतियोगिता में 02 गोल किए जाने पर उन्हें "सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर (महिला वर्ग)" के सम्मान से नवाजा गया।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली रेंज, बरेली ने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया।