
छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के अम्बिकापुर में साइबर ठगों ने अब सीधे पुलिस प्रशासन को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शातिर अपराधियों ने सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल का हूबहू फर्जी फेसबुक अकाउंट (Fake ID) बना लिया है। ठग इस फेक प्रोफाइल से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रहे हैं और जैसे ही कोई इसे स्वीकार करता है, उससे बातचीत बढ़ाकर मोबाइल नंबर की मांग की जा रही है। इस फर्जी प्रोफाइल में एसएसपी की आधिकारिक तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया है, जिसके झांसे में आकर अब तक करीब 72 लोग इसके दोस्त भी बन चुके हैं। कुछ सतर्क नागरिकों द्वारा शक होने पर इसकी जानकारी सीधे एसएसपी को दी गई, जिसके बाद इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी की शिकायत पर साइबर सेल ने तत्काल जांच शुरू कर दी है और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर ठगों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। इस बीच, एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध अकाउंट के झांसे में आकर अपनी निजी जानकारी या मोबाइल नंबर साझा न करें। पुलिस इस मामले के मास्टरमाइंड की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
#SurgujaPolice #CyberCrime #FakeFacebookID #AmbikapurNews #CyberSecurity #StaySafe #SocialMediaAlert #SurgujaCyberCell #FatafatNews