
छात्रा से मारपीट के मामले में अतिथि शिक्षिका का अनुबंध समाप्त
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में छात्रा के साथ अतिथि शिक्षिका द्वारा कथित मारपीट के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विद्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अतिथि शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें सेवा से हटा दिया गया है।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से घटना की जानकारी लेने के साथ ही संबंधित छात्रा के माता-पिता से मुलाकात कर उनका पक्ष जाना। उन्होंने विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं से भी बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा एवं उप खंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी की समिति गठित की गई थी। समिति ने जांच के बाद संबंधित अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त करने की संस्तुति की थी। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट कहा कि अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट या दंडात्मक कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों में अनुशासन बनाए रखने के लिए काउंसलिंग, संवाद और सकारात्मक तरीकों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों से बातचीत कर समस्या का समाधान करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों से मुलाकात कर पढ़ाई, अनुशासन, शिक्षकों की उपलब्धता और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया और विद्यालय में खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में फुटबॉल खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने खेल सुविधाओं को विकसित करने तथा मैदान में फुटबॉल खेलने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और सड़क से विद्यालय तक पहुंच मार्ग की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, पानी के भंडारण के लिए टैंक लगाने तथा पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता से मजबूत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौम्या गर्ब्याल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#Almora #Uttarakhand #Pabhau #GICPabhau #Student #Teacher #GuestTeacher #EducationDepartment #DMAlmora #AnshulSingh #SchoolNews #UttarakhandNews #BreakingNews #EducationNews #StudentSafety #TeacherAction #AlmoraNews #UttarakhandBreakingNews #NewsUpdate. #betalghatnews
Uttarakhand, India | Aug 25, 2026