
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान राष्ट्रपति भवन में तैनात अंगरक्षक सौरभ तोमर को सिर में गोली मार दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, बागपत के गोपालपुर खड़ाना गांव निवासी 26 वर्षीय सौरभ तोमर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में तैनात हैं। वह दीपावली मनाने के लिए दो दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। रविवार रात वह अपने भाइयों के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहे थे।
इसी दौरान पड़ोसी धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण ने पटाखे जलाने पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान धीरज ने देसी तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली दीवार से टकराने के बाद सौरभ के सिर में जा लगी।
परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में मेरठ के निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर उनके सिर में फंसी गोली निकाल दी गई। सौरभ को ICU में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने सौरभ के पिता जनकराज की शिकायत पर धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि सौरभ की वर्ष 2021 में राष्ट्रपति अंगरक्षक दल में भर्ती हुई थी। उनकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उनका नौ महीने का एक बच्चा भी है।
सवाल यह है कि पटाखे जलाने जैसे मामूली विवाद में आखिर कोई किसी की जान लेने पर कैसे उतारू हो सकता है?
#PresidentOfIndia
#BaghpatNews
#UttarPradesh