
नेशनल हाईवे पर DSP की सरकारी गाड़ी पानी लदे वाहन से टकराई, साइकिल सवार गंभीर
बक्सर । धरहरा के पास फोरलेन पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब सड़क पार कर रहे एक वृद्ध साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में डुमरांव के प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह बक्सर साइबर डीएसपी समीर कुमार सिंह की सरकारी गाड़ी सड़क किनारे खड़े पानी लदे मालवाहक वाहन से जा टकराई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि साइकिल सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वृद्ध साइकिल से फोरलेन पार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही पुलिस की सरकारी गाड़ी के चालक ने उन्हें अचानक सड़क पर आता देख बचाने के लिए वाहन को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। इसी क्रम में गाड़ी सड़क किनारे खड़े पानी लदे मालवाहक वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद पानी लदे वाहन में रखी बोतलें सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गईं। बताया गया कि वाहन चालक पप्पू पानी वाला पास की दुकान से दूध लेने गया था। लौटकर आने पर उसने अपने वाहन को दुर्घटनाग्रस्त पाया।
वहीं, हादसे में साइकिल सवार वृद्ध के सिर और एक हाथ में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार डीएसपी समीर कुमार सिंह समेत सरकारी वाहन में सवार पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से फोरलेन पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए भीड़ को हटाया और यातायात सामान्य कराया।
बताया जाता है कि पानी लदा वाहन पप्पू पानी वाला के परिवार की आजीविका का साधन है। हादसे के बाद डीएसपी समीर कुमार सिंह ने वाहन मालिक को भरोसा दिया कि वह वाहन की मरम्मत करा लें और मरम्मत में आने वाला खर्च वह स्वयं वहन करेंगे।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। वहीं घायल वृद्ध की हालत को लेकर परिजन और स्थानीय लोग चिंतित हैं।
Buxar, Buxar | Sep 8, 2026