
पीलीबंगा में पंचायत समिति चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज: सदस्य पद के लिए 58 नामांकन पत्र दाखिल, भाजपा से सबसे अधिक 23 तो निर्दलीयों ने भी दिखाए तेवर
#lalbahadirbhakhar #pilibanganews #hanumangarh #RajasthaNews #PolticalNews #पंचायत_चुनाव
पीलीबंगा (हनुमानगढ़) :- लालबहादुर भाखर:-
हनुमानगढ़ जिले की पंचायत समिति पीलीबंगा में पंचायत चुनाव को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के तहत कुल 58 नाम निर्देशन पत्र (नामांकन पत्र) प्राप्त हुए हैं। चुनावी समर में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी ताल ठोक दी है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) पंचायत, उमा मित्तल (आरएएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को पंचायत समिति पीलीबंगा के सदस्य पद हेतु विभिन्न राजनीतिक दलों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों द्वारा कुल 58 नामांकन पत्र जमा करवाए गए हैं।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, नामांकन पत्रों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों की संख्या सर्वाधिक रही, वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है:
* भारतीय जनता पार्टी (BJP): सबसे अधिक 23 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
* निर्दलीय (Independent): 17 प्रत्याशियों ने निर्दलीय रूप से पर्चा भरकर अपनी दावेदारी पेश की।
* इण्डियन नेशनल कांग्रेस (INC): कुल 07 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए।
* राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP): 07 प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन पत्र भरे।
* कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया - मार्क्ससिस्ट (CPI-M): 03 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया।
* बहुजन समाज पार्टी (BSP): 01 प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र जमा कराया।
एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी उमा मित्तल ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराई गई है। चुनावी प्रक्रिया और व्यवस्थाओं को लेकर कार्यालय स्तर पर दूरभाष व फैक्स नंबर (01508-235133) तथा आधिकारिक ई-मेल (eropilibangan009@gmail.com) के माध्यम से समन्वय स्थापित रखा गया है।
नाम निर्देशन पत्रों की जांच और आगामी चुनावी चरणों को लेकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आगे की प्रक्रिया संपादित की जाएगी। कुल 58 नामांकन आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचलें तेज हो गई हैं और मुकाबला बहुकोणीय होने के आसार बन रहे हैं।