
नवानगर में विवाहिता का फंदे से लटकता मिला शव, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नवानगर गांव में रविवार की शाम 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर में पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छठ पूजा के लिए घाट पर गए हुए थे। घर लौटने पर परिजनों ने सलोनी को फंदे से लटका देखा। उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतका की पहचान नवानगर निवासी मिंटू गुप्ता की पत्नी सलोनी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही हनुमानगंज स्थित उसके मायके से परिजन भी पहुंच गए। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना पर पहुंची सिकंदरपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। पुलिस मृतका के पति मिंटू गुप्ता, सास और ससुर को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार, मासिक धर्म होने के कारण सलोनी छठ पूजा के लिए घाट पर नहीं गई थी। परिवार के अन्य सदस्य पूजा करने गए थे। मिंटू गुप्ता मिर्जापुर में रेलवे में कार्यरत हैं और छठ पर्व मनाने के लिए घर आए हुए थे। बताया गया कि सलोनी की शादी 4 दिसंबर 2025 को मिंटू गुप्ता के साथ हुई थी। घटना रविवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है।