
*सहयोग शिविर में प्राप्त खाता त्रुटियों का किया जा रहा निराकरण, रुकी हुई सामाजिक सुरक्षा पेंशन शीघ्र होगी चालू*
गया,23 जून 2026, जिला पदाधिकारी, गया श्री शशांक शुभंकर के निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के बैंक खाते में पाई गई त्रुटियों का निराकरण करते हुए रुकी हुई पेंशन को पुनः चालू करने की कार्रवाई की जा रही है।
सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त खाता संबंधी त्रुटियों के कारण गया जिले के कुल 06 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों की पेंशन प्रभावित हुई थी। इनमें बोधगया प्रखंड के 03, शेरघाटी के 01 तथा बाराचट्टी के 02 पेंशनधारी शामिल हैं। संबंधित त्रुटियों के सुधार हेतु आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
इसके अतिरिक्त पूर्व से खाता त्रुटि के कारण पेंशन से वंचित लाभुकों की पेंशन पुनः प्रारंभ कराने के लिए सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग को निर्देशित किया गया है। इनमें निमचक बथानी प्रखंड के 22, वजीरगंज के 08, कोंच के 02, फतेहपुर के 04, डोभी के 05, बाराचट्टी के 01, परैया के 01, नगर क्षेत्र के 07 तथा अतरी के 03 पेंशनधारी शामिल हैं।
त्रुटि सुधार की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सभी पात्र पेंशनधारियों की पेंशन राशि राज्य स्तर से डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
जिलाधिकारी, गया ने जिले के सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि जिन्होंने अब तक अपना जीवन प्रमाणीकरण (Life Certificate) नहीं कराया है, वे अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर संपर्क कर निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण अवश्य करा लें, ताकि उनकी पेंशन का लाभ बिना किसी बाधा के नियमित रूप से मिलता रहे।
जिला प्रशासन, गया ने सभी लाभुकों से आवश्यक दस्तावेजों एवं बैंक खाते की जानकारी अद्यतन रखने का भी अनुरोध किया है, जिससे पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
Gaya, Bihar | Jun 23, 2026