
भर्गामा पुलिस ने लूटकांड का किया सफल उद्भेदन, फरार दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
अररिया। भर्गामा थाना क्षेत्र में फाइनेंस बैंक के कैश कलेक्शन कर्मी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भर्गामा थाना क्षेत्र के अकर्थापा निवासी मो. सलाउल्लाह (30) के रूप में हुई है। उसके पास से लूटे गए 4600 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र निवासी मुकेश कुमार पोद्दार (25) उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक की मुरलीगंज शाखा में कैश कलेक्शन का काम करते हैं। 4 नवंबर को वे 12 लोगों से कुल 22,490 रुपये की राशि वसूल कर बैरनगर से लौट रहे थे। इसी दौरान तेलिया छोटी नहर के रास्ते में काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और हथियार का भय दिखाकर रुपये से भरा बैग तथा वीवो वाई-21 मोबाइल छीन लिया।
घटना के बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपित को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से 4600 रुपये बरामद किए। शेष राशि लेकर दो अन्य बदमाश फरार हो गए। मामले में भर्गामा थाना कांड संख्या 377/26 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
Araria, Araria | Nov 5, 2026