
*आबकारी टीम ने कल्दा में अवैध कच्ची शराब और महुआ लाहन पकड़ा*
-----------------
मध्यप्रदेश में संचालित अवैध शराब के विरुद्ध अभियान के तहत पन्ना जिले में कलेक्टर ऊषा परमार के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के मार्गदर्शन में अलग-अलग दलों का गठन किया गया है, जिसका नोडल अधिकारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव को बनाया गया है। आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय द्वारा बताया गया कि अवैध शराब के विरुद्ध चल रहे अभियान के अंतर्गत सलेहा थाना अंतर्गत ग्राम कल्दा में दो अलग अलग स्थानों पर विधिवत तलाशी लेकर हाथ भट्ठी महुए से बनी कच्ची शराब और भारी मात्रा में शराब बनाने के लिए कच्ची सामग्री के रूप में भिगाये गए महुआ लाहन को पकड़ा। वंदना बाई आदिवासी के रिहायशी मकान के पीछे बने बाड़े और शौचालय में लगभग 20 लीटर हाथभट्टी महुआ निर्मित कच्ची शराब अनुमानित कीमत लगभग 3000 रुपए जप्त किया और कच्ची शराब बनाने के लिए भिगोकर रखे गए महुआ लाहन लगभग 300 किग्रा अनुमानित कीमत लगभग 30,000 रुपए को नमूना लेकर समक्ष पंचान नष्ट कराया गया। आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की 34(1) क एवं च का अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
ग्राम कल्दा में ही छोटेलाल चौधरी उम्र 55 वर्ष के रिहायशी मकान से लगे बाड़े से 10 बल्क लीटर हाथभट्टी महुआ निर्मित हाथभट्टी कच्ची शराब अनुमानित कीमत लगभग 1500 रुपए जप्त किया गया और लगभग 60 किलो महुआ लाहन अनुमानित कीमत लगभग 9000 रुपए सेम्पल लेकर मौके पर ही समक्ष पंचान नष्ट करने की कार्रवाई की गई। इस कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय, आबकारी आरक्षक उमाशंकर साहू, नगर सैनिक वीरेन्द्र यादव, मोतीलाल प्रजापति, कौशल्या बाई और राजेश पटेल सम्मिलित रहे। आगे भी यह अभियान सतत जारी रहेगा। जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य द्वारा आम जनता से अपील की गई है, कि शासन द्वारा अधिकृत लायसेंसी मदिरा दुकानों से ही शराब खरीदें, अन्य जगहों से खरीदी गई शराब नकली, मिलावटी और जहरीली भी हो सकती है।
Panna, Panna | Sep 12, 2026