
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर साधु संतो और बृजवासियों का जड़खोर धाम में 67वें दिन भी धरना जारी।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
डीग। ब्रज की प्राचीन धार्मिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जड़खोर धाम में साधु-संतों और ब्रजवासियों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। गांव सेऊ में 14 जुलाई 2026 से शुरू हुआ यह धरना अब 67वें दिन में प्रवेश कर चुका है। धरने पर बैठे संतों और ब्रजवासियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन अनिश्चितकालीन रूप से जारी रहेगा। मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में संतों ने अनशन शुरू करने की चेतावनी भी दी है।
धरने पर बैठे साधु-संतों और ब्रजवासियों की प्रमुख मांग है कि गांव सेऊ से जड़खोर धाम स्थित हनुमान मंदिर को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए वन विभाग से आवश्यक स्वीकृति ली जाए। इसके अलावा क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने तथा डीग जिले की ब्रजनगर, सीकरी और पहाड़ी तहसीलों में स्थित पर्वतों को वन संरक्षित भूमि घोषित करने की मांग की जा रही है।