
चार वार्डों में 91.58 लाख से विकास कार्य, गुणवत्ता अनिवार्य, कार्यादेश जारी…
बेतिया नगर निगम की ओर से शहर के चार वार्डों में कुल 91.58 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क, आरसीसी नाला, सड़क उन्नयन और बाउंड्री वॉल निर्माण से संबंधित विकास कार्यों के लिए कार्यादेश जारी किया गया है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने संबंधित संवेदकों को कार्यादेश के अनुरूप निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। महापौर ने बताया कि वार्ड-2 के इस्लामिया नगर में गली नंबर-1 में किताबन जी के घर से रूस्तम जी के घर तक पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण पर करीब 16.35 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड-12 में छठ स्थान के पास मुख्य सड़क के किनारे बाउंड्री वॉल एवं दो द्वार निर्माण के लिए करीब 16.68 लाख रुपये का कार्यादेश दिया गया है। इसी तरह वार्ड-16 के कमलनाथ नगर में सुमन पांडेय के घर से प्रेमचंद्र मिश्रा के घर होते हुए देवानंद जी के घर तक आरसीसी नाला एवं सड़क उन्नयन कार्य पर करीब 13.73 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड-27 के संत कबीर रोड पर अखिलेश्वर यादव के घर से मोतीलाल पटेल के घर की ओर जाने वाली सड़क एवं नाला निर्माण के लिए करीब 44.84 लाख रुपये की राशि निर्धारित है। महापौर ने कहा कि सभी कार्य दो से तीन माह में पूरे किए जाने हैं। कार्यादेश में बीओक्यू के अनुरूप सामग्री के उपयोग, निर्धारित मजदूरी, कार्य शुरू होने और पूरा होने की फोटोग्राफी तथा स्थल निरीक्षण का प्रावधान किया गया है। गुणवत्ता जांच के बाद ही भुगतान किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा में देरी होने पर भुगतान में कटौती की चेतावनी भी दी गई है। महापौर ने कहा कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में ढांचागत बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जहां किसी अन्य एजेंसी द्वारा कार्य का कुछ हिस्सा पहले ही पूरा कराया जा चुका है, वहां शेष कार्य पूरा करने के बाद ही संबंधित संवेदक को भुगतान का दावा करने की अनुमति होगी।
#champaran24news