
गुमला के पालकोट में ACB की बड़ी कार्रवाई, ₹6 हजार रिश्वत लेते मनरेगा BPO गिरफ्तार
गुमला जिले के पालकोट प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) हरीश प्रजापति को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। रांची से पहुंची ACB की टीम ने यह कार्रवाई गोपनीय तरीके से की।
जानकारी के अनुसार, पालकोट प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा के तहत तालाब निर्माण योजना से जुड़े एक लाभुक से जियो टैगिंग के नाम पर रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत ACB को मिली थी। रिपोर्टों के मुताबिक, BPO पर कुल 10 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है, जिसमें पहली किस्त के रूप में 6 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और इसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की। गुरुवार को टीम पालकोट प्रखंड कार्यालय पहुंची। जैसे ही हरीश प्रजापति कथित तौर पर 6 हजार रुपये रिश्वत की रकम लेते, ACB की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी BPO को अपने साथ रांची ले गई, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, कार्रवाई की खबर फैलते ही पालकोट प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई।
बताया गया है कि मामला मनरेगा के तहत स्वीकृत तालाब निर्माण योजना से जुड़ा है। जियो टैगिंग और योजना से संबंधित प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में कथित रूप से रिश्वत मांगी गई थी। ACB की कार्रवाई के बाद अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Namkum, Ranchi | Sep 3, 2026