
अनुबंधित बिजली कर्मियों का सरकार को अल्टीमेटम
मांगें अनदेखी हुईं तो होगा ACS कार्यालय का घेराव
विधायक लक्ष्मण यादव को सौंपा ज्ञापन
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा के पदाधिकारियों ने कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम विधायक लक्ष्मण यादव को मांगों का ज्ञापन सौंपा। विधायक ने कर्मियों को विश्वास दिलाया कि उनकी मांगों को प्रमुखता के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर समाधान कराया जाएगा।
ज्ञापन में संघ पदाधिकारियों ने बताया कि विभाग हित में अपनी सेवाएं देते हुए सैंकड़ों अनुबंधित कर्मचारी अपनी जान गंवा चुके हैं। अनुबंधित कर्मियों का योगदान विभागीय कार्यों में काफी ज्यादा है, लेकिन उनकी मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने यह भी चेताया कि संगठन ने फैसला लिया है कि यदि उनकी मांगों को अब भी अनदेखा किया गया तो वह अतिरिक्त मुख्य सचिव कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन में अपनी मांगों को रखते हुए संघ ने बिजली विभाग में अनुबंधित कर्मचारियों को सिक्योरिटी ऑफ सर्विस एक्ट के पात्र कर्मचारियों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए बिना किसी डोक्युमेंट वैरिफिकेशन के नियुक्ति पत्र जारी करते हुए 15 अगस्त 2024 से एरियर सहित वेतन दिलाया जाए। डायरेक्ट विभाग रोल पर लगे अनुबंधित कर्मियों को समान काम समान वेतन दिलवाया जाए। महंगाई के अनुसार उनके वेतन में बढ़ोतरी की जाए। हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लि. के अंतर्गत खेदड़ व यमुनानगर थर्मल में पांच वर्षों से कार्यरत अनुबंधित कर्मियों को एचकेआरएन में शामिल किया जाए व इससे अधिक समय से कार्य करने वालों को सिक्योरिटी सर्विस एक्ट में शामिल किया जाए। विभाग में होने वाले हादसों को देखते हुए सभी कर्मचारियों को रिस्क अलाउंस दिया जाए। विभाग की चारों कंपनियों में कार्यरत सभी अनुबंधित कर्मियों को चिरायु कार्ड की बजाय रेगुलर कर्मचारियों की तरह मेडिकल पोलिसी का लाभ दिलवाया जाए। सेवानिवृत्ति पर अनुबंध कर्मियों को कम से कम 11 लाख सम्मान राशि व समारोह आयोजन के लिए 21 हजार रुपये अलग से दिए जाएं। अनुबंधित कर्मियों को विभाग में होने वाली हरियाणा पावर स्पोर्टस ग्रुप की सभी खेल स्पर्धाओं में शामिल किया जाए। एक्सग्रेसिया पोलिसी के तहत मृतक कर्मियों के आश्रितों को तीन माह में विभाग की ओर से नौकरी दिलाई जाए, क्योंकि दो वर्ष से अधिक समय से जान गंवाने वालों के परिवार को अभी तक नौकरी नहीं मिली है। सभी अनुबंधित महिला कर्मियों को वेतन सहित चाइल्ड केयर लिव का लाभ दिया जाए तथा सभी अनुबंधित कर्मियों को 80 यूनिट प्रत्येक माह का लाभ दिया जाए।
#rewari #laxmansinghyadav #nayabsainiofficial #NayabSaini
Rewari, Rewari | Aug 22, 2026