
भूमि विवाद में खूनी खेल: युवक की चाकू मारकर हत्या, पिता-भाई भी लहूलुहान
प्रणय राज व्यूरो रिपोर्ट, संवदिया न्यूज नालंदा, बिहार।
रहुई थाना क्षेत्र के पेशौर गांव में भूमि विवाद ने बुधवार देर शाम खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गोतिया के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद में चाकू और धारदार हथियार से हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान पेशौर गांव निवासी संटू कुमार (पुत्र सुनील पंडित) के रूप में हुई है। वहीं, घायल सुनील पंडित और उनके दूसरे पुत्र विपीन कुमार का इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, गोतिया के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार शाम विवाद अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में हिंसक झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने चाकू और अन्य धारदार हथियार से हमला कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने संटू कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनील पंडित और विपीन कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
#followers