
योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से किया जाए- कलेक्टर श्री विश्वकर्मा
जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न
---------
---------
जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होंने बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत प्रकरणों, किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत प्रकरणों, खुला आश्रय गृह में लाभान्वित बालकों, स्पांसरशिप योजना अंतर्गत लाभान्वित बालकों और पीएम केयर अंतर्गत लाभान्वित बालकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से किया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि बाल कल्याण समिति के समक्ष अप्रैल 2026 से जून 2026 तक प्राप्त 44 प्रकरणों में से 38 प्रकरण निराकृत हो गए हैं तथा शेष प्रकरणों में कार्यवाही की जा रही है। इसी प्रकार जिले में एकमात्र खुला आश्रय गृह, अशासकीय संस्था सियावास समाज कल्याण समिति बेगमगंज में संचालित है। जिसमें 25 बालकों को अस्थायी आश्रय प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाने का प्रयास किया जा रहा है। स्पांसरशिप योजना की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जिले में योजना के तहत 719 बालकों का चिन्हाकंन किया गया है। इन बालकों को शासन से प्राप्त बजट अनुसार प्रतिमाह चार हजार रू प्रति बालक राशि प्रदान की जाती है।
इसी प्रकार कोविड-19 अंतर्गत जिले में 19 बालकों को पांच हजार रू प्रति बालक के मान से राशि प्रदान की जाती है। पीएम केयर योजना अंतर्गत जिले में 02 बालकों को लाभान्वित किया जा रहा है। दोनों बालकों को शासन के निर्देशानुसार एक मुश्त राशि दस लाख रू उनके बैंक खाते में प्रदान की गई है। साथ ही बालकों को 5000 रू प्रति बालक के मान से प्रतिमाह राशि प्रदान की जा रही है।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner Collector Office Raisen