
#गुना - आरोन में बच्चों एवं युवाओं को सिखाया मिट्टी के गणेश बनाने का तरीका
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद आरोन द्वारा ‘माटी गणेश-सिद्ध गणेश’ अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल मुहासा में बच्चों एवं युवाओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में बच्चों को मिट्टी के गणेश बनाने की सरल विधि बताई गई और स्वयं प्रतिमा तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती मंजूषा सालोमन ने मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मिट्टी की प्रतिमाएं पर्यावरण अनुकूल होती हैं तथा इनके माध्यम से गणेशोत्सव को पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी के गणेश स्थापित करने की अपील की। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री प्रमोद रघुवंशी ने मिट्टी की प्रतिमाओं के प्राकृतिक विसर्जन के संबंध में जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। नवांकुर संस्था के श्री अनुरोध रघुवंशी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मुहासा के श्री रामवीर शर्मा एवं मूर्तिकार हर्ष नामदेव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्री अनुरोध रघुवंशी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।
#Guna