
सोमपुर में 15 साल पुराने बाबा रामदेवजी देवस्थान के अपमान को लेकर मेघवाल समाज में आक्रोश, डीवाईएसपी को सौंपा ज्ञापन।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
बड़ीसादड़ी।ग्राम सोमपुर, तहसील बड़ीसादड़ी जिला चित्तौड़गढ़ में सरकारी भूमि पर स्थित लोक देवता बाबा रामदेवजी के देवस्थान को लेकर विवाद गहरा गया है। इस संबंध में समस्त मेघवाल समाज, ग्राम सोमपुर ने आज पुलिस उप अधीक्षक वृत्त बड़ीसादड़ी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में बताया कि घटना दिनांक 18 सितंबर की है। गांव की सरकारी भूमि पर हमारे इष्ट आराध्य लोक देवता बाबा रामदेवजी का देवस्थान है, जहां विगत 15 वर्षों से मेघवाल समाज द्वारा निरंतर राम रसोड़ा संचालित किया जा रहा है।आरोप है कि गांव के ही एक समुदाय द्वारा जातिगत दुर्भावना के चलते सामाजिक व धार्मिक सौहार्द पर प्रहार करते हुए बाबा रामदेवजी के देवस्थान के बिल्कुल सामने दूसरी तस्वीर व झंडा लगा दिया गया, जिससे मेघवाल समाज की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है। इससे समस्त समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। साथ ही समाज के लोगों को जाति सूचक अपशब्द कहकर अपमानित करने का भी आरोप है।समाज का कहना है कि इस प्रकरण की रिपोर्ट पुलिस थाना निकुम्भ में दर्ज कराने के बावजूद निवेदन को दरकिनार करते हुए 15 साल से रोपित बाबा रामदेवजी के प्रतीक चिन्ह ध्वजा नेजा को उक्त स्थान से हटवा दिया गया, जो कि संवैधानिक रूप से गलत है।
अतः निवेदन है कि सामाजिक व धार्मिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही कर रामदेवजी के देवस्थान को पूर्ववत स्थिति में स्थापित किया जावे।