
1 जुलाई से आंगनवाड़ी केंद्रों का समय बदलेगा, सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा संचालन
==
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जारी किए आदेश, नई समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगी गतिविधियां
==
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन समय 1 जुलाई 2026 से पूर्ववत कर दिया गया है। अब आंगनवाड़ी केंद्र सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पूर्व में आंगनवाड़ी केंद्रों का समय सुबह 08 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक निर्धारित किया गया था। ग्रीष्मकाल समाप्त होने के बाद 1 जुलाई 2026 से केंद्रों का संचालन पुनः निर्धारित समयानुसार किया जाएगा।
नई समय-सारिणी के अनुसार केंद्रों में बच्चों के स्वागत, स्वच्छता अवलोकन, सामूहिक गतिविधियां, नाश्ता, खेलकूद, भाषा एवं साक्षरता आधारित गतिविधियां, रचनात्मक कार्य, बाह्य खेल गतिविधियां, भोजन वितरण तथा थर्ड मील जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही दिन के अंतिम चरण में रिकॉर्ड संधारण का कार्य भी किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार केंद्रों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पूर्व-प्राथमिक शिक्षा एवं पोषण सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध हो सकें।
#Damoh