
औरंगाबाद - 27.429 किलो गांजा के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार: ओडिशा से बिहार लाई जा रही थी खेप, नारकोटिक्स को पटना से मिली थी गुप्त सूचना
औरंगाबाद के नबीनगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और अपराध आसूचना शाखा की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत बड़ी कार्रवाई की। ट्रेन संख्या 18523 अप के बी-1 कोच की जांच में कुल 27 किलो 429 ग्राम गांजा बरामद हुआ, कीमत करीब 13 लाख 71 हजार 450 रुपये है।
इस मामले में रोहतास के चिंतामणपुर निवासी अनुज कुमार और पटना के मसौढ़ी निवासी पिंकी देवी को गिरफ्तार किया गया। अनुज के बैग से 15 पैकेट में 18.994 किलो और पिंकी के बैग से 8 पैकेट में 8.435 किलो गांजा मिला।
आरपीएफ को नारकोटिक्स विभाग पटना से सूचना मिली थी। प्लेटफॉर्म 2 पर जांच के दौरान दोनों को पकड़ा गया। टीम में निरीक्षक राम विलास राम, उप निरीक्षक जय प्रकाश प्रसाद समेत अन्य जवान शामिल थे।
आरपीएफ के अनुसार साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। महिला आरोपी की गिरफ्तारी में महिला आरक्षी प्रीति कुमारी ने सहयोग किया। जब्त गांजा और दोनों आरोपियों को राजकीय रेल थाना सोननगर को सौंपा गया, जहां प्राथमिकी दर्ज कर आगे जांच की जा रही है।