
देवास जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जिले में संचालित सभी कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की सघन जांच के लिए संयुक्त जांच दल का गठन किया है।
जांच दल यह सुनिश्चित करेगा कि सभी कोचिंग संस्थानों के पास वैध फायर एनओसी (अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र) उपलब्ध है या नहीं। साथ ही परिसर में लगे अग्निशमन यंत्र, होज़ रील, स्प्रिंकलर सहित अन्य सुरक्षा उपकरण कार्यशील हैं या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी है।
इसके अलावा जांच में यह भी देखा जाएगा कि संस्थानों में आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) पर्याप्त चौड़े और अवरोध मुक्त हैं या नहीं, स्टाफ को अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया है या नहीं तथा शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए इलेक्ट्रिकल ऑडिट कराया गया है या नहीं।
संयुक्त जांच दल में नगर निगम, फायर विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग (विद्युत), कार्यपालिक दंडाधिकारी और संबंधित नगरीय निकायों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
#dewas #hellodewas